पटना (न्यूज सिटी)। देश में चल रहे कोरोना संकट के बीच बिहार भाजपा के लगभग 13000 कार्यकर्ता लॉकडाउन से प्रभावित लोगों को अनवरत सेवा पहुंचा रहे हैं। पार्टी द्वारा विपदा की इस घड़ी में जरुरतमंदों के बीच राशन, भोजन, फेस कवर, साबुन आदि आवश्यक वस्तुएँ लगातार पहुंचाई जा रही है। लोगों को कोई समस्या नहीं हो इसका हर संभव ध्यान रखा जा रहा है। उपरोक्त जानकारी आज भाजपा प्रदेश मुख्यालय प्रभारी श्री सुरेश रुंगटा ने दिया। उन्होंने कहा “ लॉकडाउन से प्रभावित बिहार के गरीब, बेसहारों व अन्य जरुरतमंदों को बिहार भाजपा द्वारा राहत पहुँचाने का सिलसिला आज लॉकडाउन के 24 वें दिन भी लगातार जारी रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बिहार के प्रत्येक जिले में विगत 27 मार्च से ही सामुदायिक रसोई, सूखा राशन जिसमें आटा, चावल, दाल, मसाला, तेल, नमक आदि का वितरण किया जा रहा है।
श्री रुंगटा ने बताया कि जिलों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक 16 अप्रैल 2020 तक पार्टी द्वारा 696538 फ़ूड पैकेट, 549554 सूखे राशन के पैकेट, 1390685 मास्क आदि बांटे जा चुके हैं। इसके अलावा जितने भी अपने बिहारी भाई-बंधु जो लॉकडाउन में बाहर से आये है, उन सभी के लिए भी बिहार भाजपा के कार्यकर्ता दिन-रात लगे हुए हैं। इन तक सहायता पहुँचाने के लिए हमारे कार्यकर्ता प्रशासन की सहयोग भी ले रहे हैं तथा साथ ही राहत पहुंचाने के कार्यों में उनकी मदद भी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा “ कोरोना से जारी यह लड़ाई अब काफी महत्वपूर्ण मुकाम पर पहुँच चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल के नेतृत्व में बिहार भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता जनसेवा के माध्यम से इस लड़ाई में अपना योगदान दे रहे हैं। सभी से एकजुट रहने की अपील करते हुए उन्होंने कहा “ कोरोना महामारी अब केवल किसी देश या किसी सरकार की समस्या नहीं रही, बल्कि यह पूरे मानवजाति के लिए एक चुनौती बनी हुई है। केंद्र व राज्य सरकार इस महामारी के प्रसार को रोकने के लिए अपनी एड़ी-चोटी का ज़ोर लगाए हुए है। लेकिन बिना आपसी एकजुटता और सहयोग के इस महामारी पर फतह हासिल नहीं की जा सकती। इसलिए हम सभी का यह कर्तव्य है कि लॉकडाउन के नियमों व सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन्स का पालन करते हुए एक दुसरे का सहयोग करें। आपसी एकजुटता ही कोरोना के खिलाफ हमारा सबसे बड़ा हथियार है। ”


Post A Comment:
0 comments so far,add yours